महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त जारी, उपराष्ट्रपति ने 69 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए पैसे
रायपुर। Mahtari Vandan 21th Installment: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के करकमलों से आज छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की लाभार्थी 69 लाख से अधिक महिलाओं को 21वीं किश्त के रूप में 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रूपए की राशि जारी की गई। लाभार्थी महिलाओं में 7658 महिलाएं बस्तर संभाग के उन गांवों की है, जो छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बीते 22 महीनों में संचालित माओवाद उन्मूलन अभियान के चलते माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुए हैं। इन महिलाओं को पहली बार इस योजना का लाभ मिला।
बता दें कि, आज उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन छत्तीसगढ़ दौरे पर आए थे। जहां वे राजनांदगांव में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन में महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त की राशि हितग्राही महिलाओं के बैंक खाते में ऑनलाईन ट्रांसफर किए। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है।




