Raipur Cyber Fraud: लड़की बनकर मीठी बातें, शादी का वादा और फिर 9.50 लाख की ठगी, जानिए कैसे हुआ पूरा खेल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Cyber Fraud: रायपुर में शादी के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त टेक्निशियन को रेलवे इंजीनियर बनकर ठगों ने अपने जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर करीब साढ़े नौ लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल ठगी का खुलासा करते हुए उड़ीसा के बलांगीर से तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित मनहरण टिकरिहा की पहचान दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से खुद को ‘रजनी शर्मा’ बताने वाली महिला से हुई। महिला ने खुद को कोरबा की रहने वाली और रेलवे इंजीनियर से रिटायर्ड बताया। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और शादी की बात तय होने लगी। इसी दौरान शादी की तैयारी, पारिवारिक कार्यक्रम, सड़क हादसा और इलाज जैसी अलग-अलग कहानियां गढ़कर 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच कई किश्तों में कुल 9 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए गए। जब पीड़ित को शक हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
Raipur Cyber Fraud: जांच के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक पुलिस ने उड़ीसा के बलांगीर में कार्रवाई करते हुए जसवंत डूण्डी, मनोज राणा और यश नायक को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य महिला की आवाज में बात कर पीड़ित का विश्वास जीतते थे और सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के संबंध में आगे की जांच कर रही है।




