CG NEWS: छत्तीसगढ़ में दीपावली की छुट्टियां बढ़ीं,अब 6 से 11 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल
प्रविंस मनहर/रायपुर- छत्तीसगढ़ में दीपावली के त्योहार को लेकर स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में दीपावली अवकाश की अवधि एक दिन बढ़ा दी गई है। अब प्रदेश के सभी स्कूलों में 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक दीपावली की छुट्टियां रहेंगी। पहले यह अवकाश 6 नवंबर से 10 नवंबर तक निर्धारित किया गया था। सरकार के इस फैसले के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को त्योहार के दौरान एक दिन अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी। यह आदेश प्रदेश के शासकीय,अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों में लागू होगा। इसके साथ ही डी.एड.,बी.एड.और एम.एड. महाविद्यालयों में भी दीपावली का अवकाश रहेगा। छुट्टियों की अवधि बढ़ने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को दीपावली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। कुल मिलाकर,छत्तीसगढ़ में दीपावली की छुट्टियां अब छह दिन की हो गई हैं।




