Rath Yatra 2026: कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 13 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती
पुरी। Rath Yatra 2026: ओडिशा के विश्वप्रसिद्ध श्री जगन्नाथ धाम में 16 जुलाई (गुरुवार) से भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा का शुभारंभ होगा। इस दिव्य आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ श्रीमंदिर से निकलकर भव्य रथों पर सवार होकर गुंडीचा मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। धार्मिक मान्यता है कि इस अवसर पर भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आकर उन्हें दर्शन देते हैं। इसी वजह से इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।
सुरक्षा के लिए 13 हजार से अधिक जवान तैनात
रथयात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए लगभग 13 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 19 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ओडिशा पुलिस के साथ-साथ बीएसएफ, सीआरपीएफ, एनएसजी, रैपिड एक्शन फोर्स, एसटीयू कमांडो, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। समुद्री क्षेत्र की निगरानी की जिम्मेदारी मरीन पुलिस और कोस्ट गार्ड को दी गई है।
ड्रोन और AI कैमरों से होगी निगरानी
पूरे पुरी शहर और रथयात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाया गया है। प्रशासन ने 470 एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद से निगरानी की व्यवस्था की है। इसके अलावा पुरी-भुवनेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी आधुनिक कैमरों के जरिए यातायात और भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी।
ट्रैफिक और पार्किंग का विशेष प्लान
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने 30 पार्किंग स्थल विकसित किए हैं। इनमें चार पहिया वाहन, दोपहिया वाहन और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पासधारक और सामान्य वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात बाधित न हो।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी रियल-टाइम अपडेट
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भीड़ की स्थिति और ट्रैफिक संबंधी जानकारी बल्क एसएमएस, एलईडी स्क्रीन और हेल्प सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। जिलेभर में 73 ट्रैफिक सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विशेष सुविधा केंद्र भी बनाए गए हैं।
Rath Yatra 2026: प्रशासन का कहना है कि इस बार रथयात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं के बीच भगवान जगन्नाथ की यह ऐतिहासिक यात्रा एक बार फिर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बनेगी।




