चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी, खिड़की का शीशा टूटा; महिला यात्री घायल
चलती ट्रेन पर ईंट का टुकड़ा फेंकने से हड़कंप, आरपीएफ ने दर्ज किया बयान; हाल में वंदे भारत पर भी बढ़ी ऐसी घटनाएँ

पटना: समस्तीपुर स्टेशन से खुलते ही बुधवार की शाम तिरहुत एक्सप्रेस फिर एक बार असामाजिक तत्वों की पत्थरबाजी का शिकार बनी. धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही ट्रेन के S-4 कोच पर बाहर से फेंके गए ईंट के टुकड़े ने न सिर्फ खिड़की का शीशा चकनाचूर कर दिया, बल्कि पास ही बैठी महिला यात्री विभा देवी को भी घायल कर दिया. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में मुजफ्फरपुर–मोतिहारी रेलखंड पर वंदे भारत ट्रेन पर भी पत्थरबाजी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
घटना के बाद ट्रेन का माहौल तनावपूर्ण हो गया. घायल महिला को झाझा स्टेशन पर आरपीएफ ने प्राथमिक उपचार दिया और उनका बयान दर्ज किया. शिकायतकर्ता सोहन कुमार ने बताया कि ट्रेन समस्तीपुर से खुलते ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की पर जोरदार ईंट मार दी, जिससे शीशा टूटकर उनकी पत्नी को चोट लगी.
उसी कोच में सफर कर रहे यात्री गौरव यादव ने घटना को वीडियो और फोटो के साथ रेल मंत्रालय को ट्वीट किया, जिसके आधार पर आरपीएफ ईस्ट सेंट्रल ने तुरंत जांच शुरू कर दी. आरपीएफ का कहना है कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में इस रूट पर ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं. सुरक्षा एजेंसियां संभावित स्थानों की निगरानी और गश्त बढ़ाने पर विचार कर रही हैं.




