क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल के कई ठिकानों पर छापा, गिरफ्तारी के बाद मोबाइल,वाहन और अहम दस्तावेज जब्त,अब इस मामले में जांच शुरू
बलौदाबाजार। Amit Baghel News: बलौदा बाजार पुलिस रायपुर पहुंची और अमित बघेल के कई ठिकानोपर ताबड़तोड़ छापेमारी कर तलाशी ली। बता दें कि, 10 जून 2024 को हुए बलौदाबाजार आगजनी और हिंसा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित बघेल को गिरफ्तार करने के बाद जांच का दायरा और तेज कर दिया है।
बलौदाबाजार पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और आरोपी के घर, कार्यालय समेत कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कंचन गंगा फेस-2 स्थित निवास पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, चार पहिया वाहन और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा मैग्नेटो मॉल स्थित अमित बघेल के कार्यालय से भी कई अहम कागजात बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बलौदाबाजार आगजनी आंदोलन के समर्थन से जुड़ा एक पत्र भी जब्त किया गया है, जो इस मामले में अहम सबूत माना जा रहा है। जांच के दौरान उस पत्र को टाइप करने वाले टाइपिस्ट की जानकारी भी पुलिस को मिली है, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।
Amit Baghel News: गिरफ्तारी के बाद देर रात तक चली पूछताछ और तलाशी के दौरान कई नए सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।




