Durg News: ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, ATM कार्ड, फोन समेत 2.5 लाख रुपये की सामग्री जब्त
दुर्ग। Durg News: दुर्ग जिले में ऑनलाइन जुआ-सट्टा और म्युल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंकिंग और डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क समेत करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार स्थित आईटीआई खेल मैदान के पास कुछ युवक डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाते से जुड़े एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में रखकर उन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए करते थे। ऐसे खातों को साइबर अपराध की भाषा में म्युल अकाउंट कहा जाता है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ‘अन्ना रेड्डी’ नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लिकेशन से जुड़े नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। आईपीएल सीजन के दौरान इस पूरे नेटवर्क का संचालन झारखंड के रांची से किए जाने की जानकारी मिली है।
Durg News: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक या अन्य बैंकिंग दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।




