Maharashtra Road Accident: रफ्तार का कहर… ट्रक की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, हादसे में 8 लोगों की मौत
नांदेड़। Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के समीप सीताखंडी क्षेत्र में हुआ। घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई। भोकर की तरफ से नांदेड़ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की सामने से आ रही टाटा मैजिक यात्री वैन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा गिरी। बताया जा रहा है कि वैन में कुल 12 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। दुर्घटना में 9 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल भोकर और नांदेड़ के सरकारी अस्पतालों में ले जाया गया। वहीं, वैन से टकराने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालने की कोशिश की।
Maharashtra Road Accident: पुलिस के अनुसार, टाटा मैजिक में यात्रा करने वाले सभी लोग स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किसकी लापरवाही या गलती से हुई, इसका पता लगाने के लिए दोनों वाहनों की स्थिति और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।




