ABVP Stunt Viral Video: रैली से पहले ABVP कार्यकर्ताओं की स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, बाल-बाल बचे पत्रकार, लगे अभद्रता के आरोप
हिमांशु पटेल/रायपुर। ABVP Stunt Viral Video: लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वाले खुद कानून की धज्जियां उड़ाने लगें, तो सवाल उठना लाजिमी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एबीवीपी की अराजकता रैली से पहले कुछ कार्यकर्ताओं की कथित स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि कार से किए जा रहे खतरनाक स्टंट के दौरान दो पत्रकार बाल-बाल बच गए। सवाल है, आखिर ये कैसी छात्र राजनीति और कैसा अनुशासन?
CG News: बस्तर में बदलाव की कहानी…सुरक्षा कैंप बन रहे सेवा डेरा, गांवों तक पहुंच रही सरकारी योजनाएं
रायपुर में रैली से पहले जुटे एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच कार से स्टंटबाजी का वीडियो अब चर्चा में है। बताया जा रहा है कि इस खतरनाक हरकत के दौरान दो पत्रकारों की जान पर बन आई। जब पत्रकारों ने स्टंटबाजी का विरोध करते हुए समझाने की कोशिश की, तो आरोप है कि कुछ स्टंटबाज उल्टे उन्हीं से अभद्रता करने लगे। हालांकि, बाद में बीच-बचाव के जरिए मामला शांत कराया गया। लेकिन सवाल सिर्फ दो पत्रकारों की जान बचने का नहीं है। सड़क पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी। देश में स्टंटबाजी के चलते कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके ऐसी हरकतें आखिर क्यों?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि लोकतंत्र और संविधान की बात करने वाले संगठन के कुछ कार्यकर्ता खुद नियमों की अनदेखी करते नजर आए, तो क्या पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेगी? क्या जिम्मेदार लोगों की पहचान कर एफआईआर दर्ज होगी, या मामला यूं ही दब जाएगा? अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।




