CG Bus Accident: फिर दिखा रफ्तार का कहर..बस और ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल
भाटापारा। CG Bus Accident: छत्तीसगढ़ में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दामाखेड़ा और दरचुरा के पास बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर यात्री बस और सड़क किनारे खड़े ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी यात्री बस
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल कंपनी की यात्री बस अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे दामाखेड़ा और दरचुरा के पास बस की टक्कर सड़क किनारे खड़े ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए और कुछ लोग वाहन के अंदर फंस गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, मृतकों की पहचान और घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
CG Cabinet Meeting: कल होगी साय कैबिनेट की बैठक, धान खरीदी नीति पर लग सकती है मुहर
गैस कटर से निकाले गए बस में फंसे यात्री
CG Bus Accident: हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। रेस्क्यू टीम ने घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिमगा के सिविल अस्पताल भेजा। सुबह के समय हुए इस हादसे के बाद हाईवे पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल, हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और मृतकों व घायलों की पहचान का इंतजार है।



