Smart Meter: स्मार्ट मीटर लगाना हुआ अनिवार्य, विद्युत मंत्रालय का बड़ा निर्देश, भविष्य में TOD दरों का भी मिल सकता है लाभ
रायपुर। Smart Meter: देशभर में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने राज्यों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने ऐसे क्षेत्रों में जहां संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर पहले की तुलना में अधिक निगरानी रखने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भविष्य में Time of Day (ToD) टैरिफ जैसी व्यवस्था का लाभ भी उपभोक्ताओं को मिल सकता है।
बिजली खपत पर नजर रखना होगा आसान
स्मार्ट मीटर से बिजली की खपत की जानकारी अधिक व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध हो सकेगी। इससे उपभोक्ता अपनी खपत को समझकर बिजली इस्तेमाल को नियंत्रित कर सकते हैं। केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को स्मार्ट मीटरिंग की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश ऐसे समय में आए हैं, जब कई राज्यों में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच सवाल और चर्चाएं भी चल रही हैं।
CSPDCL ने स्मार्ट मीटर को लेकर स्थिति की स्पष्ट
छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच CSPDCL ने भी स्थिति स्पष्ट की है। निगम के मुताबिक, बैकुंठपुर में स्मार्ट मीटर की रीडिंग की जांच की गई, जिसमें मीटर की रीडिंग 100 प्रतिशत सही पाई गई। जांच के दौरान स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की बिजली खपत की तुलना की गई। दोनों मीटरों की रीडिंग में महज 1 यूनिट का अंतर सामने आया।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
Smart Meter: CSPDCL ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। निगम का कहना है कि मीटर की कार्यप्रणाली और रीडिंग को लेकर किसी तरह की शंका होने पर उपभोक्ता संबंधित बिजली कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, केंद्र के नए निर्देश के बाद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया आने वाले समय में और तेज होने की संभावना है। खासतौर पर उन इलाकों में, जहां पर्याप्त संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटरिंग को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है।



