BJP ‘Gen Z’ Outreach: Gen Z को साधने BJP की नई रणनीति, छत्तीसगढ़ के मंत्री O.P. चौधरी समेत 5 नेता टीम में शामिल
नई दिल्ली। BJP ‘Gen Z’ Outreach: भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं, खासकर Gen Z तक अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने युवा वर्ग के साथ संवाद और संपर्क बढ़ाने के लिए एक विशेष टीम तैयार की है। इस टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। आने वाले दिनों में यह टीम युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी अपेक्षाओं को समझने के लिए विशेष आउटरीच अभियान चला सकती है।
इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक, BJP की प्रस्तावित टीम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हर्ष सांघवी और ओपी चौधरी सहित अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। टीम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के साथ सीधे संवाद को बढ़ावा देना बताया जा रहा है। इसके जरिए Gen Z की प्राथमिकताओं, रोजगार, शिक्षा, तकनीक और अन्य मुद्दों को समझने के साथ पार्टी की नीतियों और विचारधारा के बारे में युवाओं तक जानकारी पहुंचाने पर जोर रहेगा।
‘नेशन फर्स्ट’ पर नितिन नवीन का जोर
इससे पहले शनिवार को BJP की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के नए और पुराने पदाधिकारी शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन के नेताओं से युवा वर्ग के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और जमीनी स्तर पर आउटरीच बढ़ाने की अपील की। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अनुशासन और संयम को जरूरी बताते हुए विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने की बात कही। साथ ही पार्टी की विचारधारा के अनुरूप ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना से काम करने पर जोर दिया।
सरकारी योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाने की रणनीति
बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। पार्टी संगठन को इन योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार और उनके लाभार्थियों से बेहतर संपर्क बनाने की दिशा में काम करने को कहा गया।
PM मोदी भी बैठक में होंगे शामिल
BJP ‘Gen Z’ Outreach: BJP की राष्ट्रीय बैठकों के अगले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की बात सामने आई है। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री मौजूद रहेंगे। इस दौरान देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।




