Student Dies: शिक्षक है या जल्लाद! होमवर्क की सजा बनी जानलेवा…टीचर की थप्पड़ से 6 साल के मासूम की मौत
विशाखापट्टनम। Student Dies: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से एक स्कूल का कथित CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक करीब 6 वर्षीय छात्र के साथ कथित तौर पर टीचर द्वारा मारपीट करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बच्चा होमवर्क पूरा करके नहीं लाया था, जिसके बाद टीचर ने उसे डांटा और थप्पड़ मारा। वायरल फुटेज में बच्चा टीचर के सामने खड़ा नजर आता है। आरोप है कि टीचर ने उसकी शर्ट और टाई पकड़कर उसे झकझोरा और डांटने के बाद थप्पड़ मारा। बच्चा इस दौरान काफी डरा हुआ दिखाई देता है और टीचर को कुछ समझाने की कोशिश करता नजर आता है।
अचानक बिगड़ी बच्चे की तबीयत
वीडियो के दौरान बच्चा अचानक खांसता हुआ दिखाई देता है। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ती है और वह बेहोश होकर गिर जाता है। इसके बाद स्कूल स्टाफ बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, बच्चे की मौत को सीधे तौर पर हार्ट अटैक या डर के कारण हुई मौत बताना फिलहाल उचित नहीं होगा। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच की रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगी। परिवार की ओर से घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई की मांग
Student Dies: CCTV फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। यूजर्स का कहना है कि होमवर्क जैसी छोटी गलती पर बच्चे के साथ शारीरिक हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बच्चे की मौत की वजह क्या थी और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। मामले में CCTV फुटेज, स्कूल स्टाफ के बयान और मेडिकल रिपोर्ट अहम साक्ष्य हो सकते हैं।




