अजब प्रेम की गजब कहानी… प्रेमी- प्रेमिका साथ मिलकर कर रहे थे गांजे की तस्करी, पुलिस ने कर दिया भंडाफोड़
रायपुर। Couple Smuggling Ganja: राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुढ़ियारी थाना पुलिस और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स यानी आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 13 किलो से अधिक गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर घूम रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग इलाके में एक महिला और पुरुष बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के आधार पर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता केंवट बताया।
Couple Smuggling Ganja: वहीं तलाशी के दौरान उनके बैग से 13 किलो 156 ग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 6 लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी प्रेमी-प्रेमिका है और ओडिशा के खरियार रोड से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जाने की तैयारी में थे। फिलहाल गुढ़ियारी थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




