प्रविंस मनहर/रायपुर – छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, बलौदाबाजार और महासमुंद में मध्यम से भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं 25 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रायगढ़,बलौदाबाजार और महासमुंद जिले ऑरेंज अलर्ट पर हैं। इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश,तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों,पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। वहीं रायपुर,दुर्ग,बिलासपुर,कोरबा,जांजगीर-चांपा सहित 25 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।




