Rice-Sugar Shortage : राशन दुकानों में चावल-शक्कर की किल्लत, हजारों कार्डधारक प्रभावित, सप्लाई हुई ठप
रायपुर। Rice-Sugar Shortage : राजधानी रायपुर में सरकारी राशन दुकानों में चावल और शक्कर की किल्लत का मामला सामने आया है। खाद्यान्न का समय पर भंडारण नहीं होने के कारण हजारों कार्डधारकों और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर में 13 हजार से ज्यादा कार्डधारकों को चावल नहीं मिल पाया, जबकि 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के लिए शक्कर की सप्लाई भी प्रभावित हुई है।
राशन दुकानों में स्टॉक की कमी
बताया जा रहा है कि कई राशन दुकानों में चावल और शक्कर का पर्याप्त भंडारण नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है। कुछ दुकानों में महज एक-दो दिन का खाद्यान्न स्टॉक ही बचा होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में यदि समय रहते नया स्टॉक नहीं पहुंचा तो आने वाले दिनों में खाद्यान्न संकट और बढ़ सकता है।
अपर कलेक्टर ने लगाई फटकार
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर ने बैठक में नान के गोदाम प्रभारियों को फटकार लगाई। समय पर राशन दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण नहीं कराने को लेकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राशन दुकानों में स्टॉक खत्म होने से पहले ही समय पर चावल, शक्कर और अन्य आवश्यक खाद्यान्न का भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को राशन लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
Rice-Sugar Shortage : अपर कलेक्टर ने गोदाम प्रभारियों को व्यवस्था में सुधार लाने और नियमित रूप से स्टॉक की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही समय पर भंडारण नहीं कराने या लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। फिलहाल राशन दुकानों में खाद्यान्न की कमी से बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रभावित हैं। अब प्रशासन की निगरानी इस बात पर रहेगी कि दुकानों में जल्द से जल्द पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जाए और हितग्राहियों को समय पर उनका राशन मिल सके।




