UP DA Hike: योगी सरकार ने दिया सरकारी कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, DA में 3% बढ़ोतरी, एरियर भी मिलेगा
नवंबर की सैलरी के साथ खाते में आएगा बढ़ा हुआ DA
योगी सरकार के फैसले के मुताबिक, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर महीने के वेतन के साथ किया जाएगा। इसके साथ ही जुलाई से नवंबर तक की बढ़ी हुई राशि का लाभ भी कर्मचारियों को मिलेगा। जुलाई से अक्टूबर तक के एरियर की रकम कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) खाते में जमा की जाएगी।
इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों और प्राविधिक शिक्षण संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके अलावा शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का फायदा दिया जाएगा। पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत में इसी अनुपात में बढ़ोतरी की गई है।
केंद्र सरकार भी कर चुकी है DA में 3 फीसदी का इजाफा
इससे पहले केंद्र की मोदी सरकार ने भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ दिया था। इस फैसले के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का DA 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो गया था। वहीं, पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) भी 60 फीसदी से बढ़ाकर 63 फीसदी कर दी गई थी।
केंद्र सरकार के इस निर्णय से एक करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स लाभान्वित हुए हैं। अब उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले के बाद राज्य के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलने जा रहा है।
8वें वेतन आयोग पर भी कर्मचारियों की नजर
इधर, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें अब 8वें वेतन आयोग पर टिकी हुई हैं। आयोग की टीम अलग-अलग शहरों में बैठकें कर रही है और कर्मचारी संगठनों तथा पेंशनर्स से उनकी मांगों और सुझावों पर चर्चा कर रही है।
UP DA Hike: इन बैठकों के बाद आयोग अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसे केंद्र सरकार के सामने पेश किया जाएगा। इसके आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और अन्य भत्तों में संभावित बदलावों पर फैसला लिया जाएगा। ऐसे में आने वाले समय में 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें कर्मचारियों के लिए अहम साबित हो सकती हैं।




