Delhi News: दिवाली पर मिठाई खरीदने से पहले रहें सावधान! 100 किलो खराब खाद्य सामग्री जब्त, 8 दुकानों को नोटिस जारी
कार्रवाई के दौरान मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री मिली। इसमें दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मक्खियों व मच्छरों से दूषित दूध शामिल था। अधिकारियों ने मौके पर ही करीब 100 किलोग्राम अनुपयोगी खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया। विभाग की इस कार्रवाई का मकसद त्योहार के दौरान मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाना है।
MP Dog Attack: आवारा कुत्ते का आतंक, 6 घंटे के भीतर 26 लोगों को काटा, अस्पताल में मची भीड़
पांच जिलों में चला विशेष जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण करते हुए खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक समेत कई खाद्य उत्पादों के 22 नमूने एकत्र किए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए लैब भेजा गया है। वहीं, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी मिठाई की दुकानों तथा खाद्य निर्माण इकाइयों को जांच के दायरे में लिया गया। यहां कुल 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने लिए गए।
बिना FSSAI पंजीकरण चल रही थी मिठाई बनाने की इकाई
निहाल विहार में एक मिठाई निर्माण इकाई को लेकर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान पता चला कि इकाई भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के आवश्यक पंजीकरण के बिना संचालित हो रही थी। टीम ने यहां से भी तीन खाद्य नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे।
साफ-सफाई में लापरवाही पर 8 प्रतिष्ठानों को नोटिस
जांच अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ दुकानों और निर्माण इकाइयों में स्वच्छता की स्थिति भी परखी गई। निरीक्षण में निर्धारित सफाई और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने वाले आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला से नमूनों की रिपोर्ट आने और निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य उत्पादन इकाइयों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब सामग्री की बिक्री और स्वच्छता नियमों की अनदेखी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Delhi News: मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों का असली आनंद तभी है, जब लोगों को खाने-पीने की शुद्ध और सुरक्षित चीजें मिलें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी लापरवाही सीधे आम जनता की सेहत को प्रभावित करती है। सरकार का प्रयास केवल शिकायतों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे दिल्ली के लोगों को सालभर बेहतर गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद मिल सकें। उन्होंने दोहराया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। दिवाली के मद्देनजर विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




