CG ED Raid: रायपुर और दुर्ग में ED की एक साथ दबिश, पंडरी के सुशील विला से ऋषभ ग्रीन सिटी तक जांच, खंगाले गए दस्तावेज
रायपुर के पंडरी इलाके में ED की दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, ED की टीम ने राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में रवि नगर स्थित सुशील विला में दबिश दी है। यहां सुबह से जांच कार्रवाई जारी बताई जा रही है। हालांकि, टीम किस मामले की जांच के सिलसिले में पहुंची है और किन लोगों से पूछताछ की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दुर्ग की ऋषभ ग्रीन सिटी में भी छापा
दूसरी ओर, दुर्ग स्थित ऋषभ ग्रीन सिटी में भी ED की टीम ने कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अधिकारी E-701 स्थित गुलशन बघेल के आवास पर पहुंचे। यहां करीब 10 अधिकारियों की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है।
कोयला कारोबार, रियल एस्टेट और अन्य मामलों से जोड़कर चर्चा
गुलशन बघेल के कोयला और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े होने की चर्चा है। इसके अलावा, इस कार्रवाई को भारतमाला परियोजना और कथित शराब घोटाले से जोड़कर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इन मामलों से कार्रवाई का सीधा संबंध होने की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दोनों जगहों पर जांच, आधिकारिक बयान का इंतजार
रायपुर और दुर्ग में ED की कार्रवाई को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच किन मामलों से संबंधित है, क्या दस्तावेज जब्त किए गए हैं और किन लोगों से पूछताछ की जा रही है, इन सवालों के जवाब आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल दोनों स्थानों पर कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक पुष्टि और ED के बयान का इंतजार है।




