किशनगंज से गुजरेगा विकास का सुपर कॉरिडोर, 72 किमी में बदलेगी जिले की तस्वीर
एलाइनमेंट बदलने के बाद सिलीगुड़ी–गोरखपुर 6 लेन एक्सप्रेसवे को मिली नई दिशा

किशनगंज : सिलीगुड़ी–गोरखपुर 525 किमी लंबे छह लेन एक्सप्रेसवे के एलाइनमेंट में बदलाव के बाद अब यह मेगा प्रोजेक्ट किशनगंज जिले की सीमा में करीब 72 किलोमीटर तक गुजरेगा। पहले जारी एलाइनमेंट में यह दूरी 89 किमी थी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 11 सितंबर को जारी नई अधिसूचना के साथ जिले के लिए विकास की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है।
टेढ़ागाछ से प्रवेश, तीन अंचलों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
नई अधिसूचना के अनुसार एक्सप्रेसवे टेढ़ागाछ प्रखंड की सीमा से किशनगंज जिले में प्रवेश करेगा और फिर बहादुरगंज व ठाकुरगंज होते हुए पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगा।
इस क्रम में जिले के तीन अंचलों के कुल 63 मौजों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा—
टेढ़ागाछ अंचल: 6 मौजे
बहादुरगंज अंचल: 25 मौजे
ठाकुरगंज अंचल: 32 मौजे
एनएचएआई ने सौंपी प्रभावित गांवों की सूची
एनएचएआई ने गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के किमी 434.45 से 506 तक के उन्नयन कार्य के लिए प्रभावित गांवों की सूची जिला प्रशासन को सौंपी है। इसे एनएच एक्ट 1956 की धारा 3ए के तहत अधिसूचना में शामिल किया गया है।
नागरिकों की मांग रंग लाई, बदला गया एलाइनमेंट
पहले तैयार डीपीआर के अनुसार एक्सप्रेसवे ठाकुरगंज नगर के पश्चिमी हिस्से से सटकर गुजरने वाला था, जिससे चार किलोमीटर क्षेत्र में घरों, दुकानों और सरकारी प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान की आशंका थी।
इसको लेकर ठाकुरगंज नागरिक मंच और नागरिक एकता मंच ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था।
मांग की गई थी कि एक्सप्रेसवे को नगर क्षेत्र से हटाकर भोगडाबर–दूधमंजर–कनकपुर होते हुए ग्रीनफील्ड एरिया से निकाला जाए, ताकि आबादी और रोजगार सुरक्षित रह सके। नई अधिसूचना के बाद माना जा रहा है कि नागरिकों की यह मांग काफी हद तक पूरी हुई है।
ठाकुरगंज के इन 32 मौजों से गुजरेगी सड़क
ठाकुरगंज अंचल के जिन 32 मौजों से एक्सप्रेसवे गुजरेगा, उनमें प्रमुख रूप से—
बेसरबाटी, कुकुरबागी, पथरिया, नेजागछ, गोथरा, कनकपुर, दूधमंजर, भोगदाबर, बहादुरपुर, अमलझड़ी, जीरनगच, खारूदह, कुंजीमारी, गंभीरगढ़, कठारों, सरायकुडी, करुआमनी, ठाकपाड़ा, कुदुलछारा, बारचौंदी सहित अन्य मौजे शामिल हैं।




