Himachal Road Accident: मातम में बदली शादी की खुशियां, गहरी खाई में गिरी कार, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत, 4 घायल
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कार नंबर HR 03 P 3251 में सात लोग सवार थे। सभी कुठाड़ (तांदी) गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद सलग्रां गांव लौट रहे थे। कार में सलग्रां गांव के छह और भुजुंड गांव का एक व्यक्ति सवार था। इसी दौरान वीर मंदिर तांदी के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से नीचे फिसलते हुए चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिव कुमार पुत्र रूप सिंह, कार्तिक पुत्र जयराम चंद और अजय पुत्र रूम सिंह के रूप में हुई है। तीनों सलग्रां गांव के निवासी बताए गए हैं। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।
चार लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
दुर्घटना में रोहित पुत्र मदन लाल, चालक पुष्पेंद्र पुत्र अमरनाथ, समीर पुत्र राम कृष्ण और विवेक पुत्र देवी सिंह घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उदयपुर पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शव भी सीएचसी उदयपुर लाए गए।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलते ही तांदी पुलिस चौकी, उदयपुर थाना और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव की कार्रवाई के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। शादी समारोह से लौट रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे ने परिवारों की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है।




