भूपेश बघेल को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की खुली चुनौती, बोले- ‘तय करें समय और जगह, विधानसभा में हर सवाल का दूंगा जवाब’
रायपुर। Shyam Bihari Jaiswal On Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ की सियासत में जुबानी जंग और तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लगातार हमलों के बीच अब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उन्हें खुली बहस की चुनौती दे दी है। जायसवाल ने कहा कि “समय और जगह तय कर लीजिए, मैं हर मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हूं। विधानसभा सबसे उपयुक्त मंच है, वहीं हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब दूंगा।”
Raigarh Kelo Dam: खोले गए केलो डैम के चार गेट, नदी उफान पर, निचले इलाकों में हाई अलर्ट
Chhattisgarh Politics
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, भूपेश बघेल जितनी ताकत से सवाल पूछना चाहते हैं, पूछें। भाजपा सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने ढाई साल में जितना काम किया है, कांग्रेस अपनी पांच साल की सरकार में उसका 10 फीसदी भी नहीं कर सकी। उन्होंने यह भी कहा कि शर्म भाजपा को नहीं, बल्कि भूपेश बघेल को आनी चाहिए और उन्हें प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
तय हो महापौरों की जवाबदेही
बता दें कि, यह चुनौती ऐसे वक्त आई है, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पांच दिन के पंजाब दौरे पर रवाना होने से पहले राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमलावर नजर आए। उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग शहरों में बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि “ट्रिपल इंजन की सरकार” के बावजूद शहरों के रहवासी इलाकों से लेकर नेशनल हाईवे तक पानी में डूबे हुए हैं। उन्होंने मांग की कि जिन शहरों में जलभराव हुआ है, वहां के महापौरों की जवाबदेही तय हो और उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लें।
वहीं भूपेश बघेल ने नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि सरकार इस मामले में लगातार झूठ बोल रही है और जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित जमीन विधायकों को आवंटित करने के उद्देश्य से कार्रवाई कराई गई, जबकि इस फैसले को प्रदेश में किसी ने स्वीकार नहीं किया।
Shyam Bihari Jaiswal On Bhupesh Baghel: गौरतलब है कि, प्रदेश में जलभराव, नकटी गांव की कार्रवाई और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। एक तरफ कांग्रेस सरकार को जनहित के मुद्दों पर घेर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल पर सवाल उठाकर पलटवार कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इन मुद्दों पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।




