राजधानी की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर NSUI का अनोखा प्रर्दशन, नींबू-मिर्ची लेकर यातायात विभाग की उतारी नजर
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर एनएसयूआई ने अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) को ज्ञापन सौंपा और नींबू-मिर्ची लेकर ट्रैफिक विभाग की “नज़र उतारी।” इस प्रतीकात्मक विरोध के माध्यम से एनएसयूआई ने राजधानी की जाम और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर नाराज़गी जताई।
एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि, लोधीपारा, शंकरनगर, मोवा, पंडरी और तेलीबांधा जैसे इलाकों में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल आम नागरिकों को बल्कि छात्रों और ऑफिस जाने वालों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
Raipur News: वहीं इस मामले में वाइस चेयरमैन पुनेश्वर लहरे ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो एनएसयूआई सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
प्रमुख माँगें —
* शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नए ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएँ।
* स्कूल और ऑफिस समय में विशेष ट्रैफिक ड्यूटी लगाई जाए।
* अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई की जाए।




