Khairagarh News: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी समेत लाखों का सामान जब्त
खैरागढ़। Khairagarh News: खैरागढ़-छुईखदान पुलिस ने ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए करीब 3 ग्राम सोने, 22 किलो 600 ग्राम चांदी के आभूषण और 45 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
शटर तोड़कर दुकान में की थी चोरी
मामला छुईखदान थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने शांति लाल जैन की दुकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे चांदी के जेवर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई।
नागपुर से जुड़े मिले आरोपियों के तार
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने संदिग्धों की तलाश करते हुए महेंद्र साहू, अक्षय गुरुचे और अनिकेत मेक्षाम को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली।
वाहन भी जब्त
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा को भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान और वाहन समेत बरामदगी की कुल कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
अन्य वारदातों की भी जांच
Khairagarh News: गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और दूसरे राज्यों में की गई संभावित चोरी की वारदातों की जानकारी जुटा रही है।




