Raipur News: ऑफ ड्यूटी भी ऑन ड्यूटी जैसा जज्बा, फिल्मी अंदाज में ट्रैफिक जवानों ने पर्स छीनकर भाग रहे बदमाश को पकड़ा, बहादुरी की हो रही तारीफ
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में कल 29 जुलाई को यातायात पुलिस के तीन जवानों ने ड्यूटी खत्म होने के बाद भी सतर्कता और बहादुरी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। फाफाडीह यातायात थाना में पदस्थ आरक्षक मोतीलाल लहरे, सैनिक महेश सिंह और अशोक शर्मा घर लौट रहे थे, तभी एक ट्रक चालक ने पर्स छीनकर भाग रहे बदमाश को पकड़ने के लिए मदद मांगी।
सूचना मिलते ही तीनों जवान बिना देर किए आरोपी के पीछे दौड़े और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक धारदार चाकू भी बरामद हुआ, जिससे साफ है कि घटना गंभीर रूप ले सकती थी। इसके बाद तत्काल थाना गंज की पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी गई और आरोपी को चाकू सहित उनके सुपुर्द कर दिया गया। गंज थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।
Raipur News: इस पूरी घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी सिर्फ ड्यूटी के घंटों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनसुरक्षा के लिए वे हर समय तैयार रहते हैं। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने तीनों जवानों की सतर्कता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए इसे जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।




