Bilaspur Road Accident: तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत, 1 गंभीर घायल
बिलासपुर। Bilaspur Road Accident: बिलासपुर जिले के तखतपुर के समीप बरेला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में जारी है।
CG Crime News: पत्नी का हाथ पकड़ा तो ठनका पति का माथा, टंगिया से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट
जानकारी के अनुसार, मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32) दो महिलाओं किरण बसोर और हेमलता के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किरण बसोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमलता गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनका पैर शरीर से अलग हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल तीनों को तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हेमलता को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भुनेश्वर साहू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची जरहागांव थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से कार की टूटी हुई नंबर प्लेट के साथ “CMO” लिखा हुआ एक प्लेट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
Bilaspur Road Accident: प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल वाहन स्कोडा कार थी। पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार संदिग्ध कार को नगर पालिका तखतपुर परिसर में छिपाकर रखे जाने की भी जानकारी मिली है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।




