वंदे मातरम् के 150 साल पूरे, पीएम मोदी ने स्मरणोत्सव का उद्घाटन कर जारी किया डाक टिकट- सिक्का
नई दिल्ली। 150 Years of Vande Mataram: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के मौके पर वर्ष भर चलने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया।
इस दौरान पीएम मोदी ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, 7 नवंबर 2025 का दिन बहुत ऐतिहासिक है। आज हम ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष का महाउत्सव मना रहे हैं। यह पुण्य अवसर हमें नई प्रेरणा देगा और कोटि-कोटि देशवासियों को नई ऊर्जा से भर देगा। इस दिन को इतिहास की तारीख में अंकित करने के लिए आज ‘वंदे मातरम’ पर एक विशेष सिक्का और डाक टिकट भी जारी किए गए है।
उन्होंने कहा कि, वंदे मातरम् भारत की आजादी का उद्घोष था। इसकी की पहली पंक्ति- ‘सुजलाम, सुफलाम्, मलयज शीतलाम्, शस्यश्यामलाम मातरम’ प्रकृति के दिव्य वरदान से सुशोभित हमारी मातृभूमि को नमन करती है। मैं देश के लाखों महापुरुषों को, मां भारती की संतानों को वंदे मातरम् के लिए जीवन खपाने के लिए आज श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं और देशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं।
150 Years of Vande Mataram: पीएम मोदी ने कहा कि, ‘वंदे मातरम’, ये शब्द हमें इतिहास में ले जाता है, ये हमारे वर्तमान को नए आत्मविश्वास से भर देता है और हमारे भविष्य को ये नया हौसला देता है कि ऐसा कोई संकल्प नहीं जिसकी सिद्धि न हो सके, ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जिसे हम भारतवासी पा न सकें।
We mark 150 years of Vande Mataram, a song that has inspired generations to rise for the nation. Addressing a programme in Delhi. https://t.co/qQqjgmSXy5
— Narendra Modi (@narendramodi) November 7, 2025




