UP Crime News: पारिवारिक कलह ने लिया खूनी मोड़, सिरफिरे दामाद ने ससुराल में मचाया तांडव, सो रहे लोगों पर किया तलवार से हमला और फिर…

फतेहपुर। UP Crime News: फतेहपुर जिले के ओंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बताया जा रहा है कि पत्नी से लंबे समय से चल रहे विवाद और बच्चों से संपर्क न हो पाने से परेशान पवन कुमार अपनी ससुराल पहुंचा। रात में उसने वहां सो रहे पांच परिजनों पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पवन को घेरकर उससे हथियार छीनने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान हुई मारपीट में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
चार साल से पत्नी से चल रहा था विवाद
पवन के पिता राम सजीवन के मुताबिक, पत्नी के साथ उसका करीब चार साल से विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पत्नी बच्चों को लेकर गुजरात चली गई थी। पिता का दावा है कि पवन को बच्चों से बातचीत करने का मौका भी नहीं मिल रहा था, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में रहता था। घटना वाले दिन शाम करीब साढ़े पांच बजे पवन घर से निकला था। रात लगभग आठ बजे वह वापस लौटा, लेकिन करीब 15 मिनट ही घर में रुका। पिता के अनुसार उस समय वह काफी परेशान और घबराया हुआ नजर आ रहा था। परिवार ने उससे कई बार पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने अपनी परेशानी के बारे में कुछ नहीं बताया।
शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने साथ ले गया साले को
पिता के अनुसार, बुधवार शाम पवन अपने 55 वर्षीय बड़े साले राजू को उसके बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। कुछ घंटे बाद पवन अकेला घर लौटा। जब राजू के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह गांव में ही है। इसके बाद पवन अपनी ससुराल पहुंचा, वहां खाना खाया और सो गया। लेकिन रात करीब दो बजे अचानक उसने सो रहे गोरे, प्रदीप और खाटू उर्फ राजकरन पर तलवार से हमला कर दिया।
साले और उसकी पत्नी पर भी हमला
हमले की आवाज और चीख-पुकार सुनकर छोटे साले राजेश और उसकी पत्नी बुद्धा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पवन ने उन दोनों पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया। इस हमले में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, लोगों ने पवन को काबू करने और उसके हाथ से हथियार छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई झड़प में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, रात करीब 3:15 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पवन मृत अवस्था में मिला, जबकि पांच घायल परिजन वहां पड़े थे। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया।
लापता साले राजू की तलाश जारी
UP Crime News: पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले पवन अपने बड़े साले राजू को साथ लेकर गया था, लेकिन बाद में राजू उसके साथ नहीं था। फिलहाल राजू का पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



