Onion Price Hike: चीनी के बाद प्याज ने बिगाड़ा रसोई का बजट, महंगाई से बिक्री प्रभावित, कम खरीदारी कर रहे ग्राहक
मुंबई। Onion Price Hike: महाराष्ट्र के कई बाजारों में प्याज की कीमतों में तेजी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मुंबई समेत प्रमुख बाजारों में दाम बढ़ने के बाद ग्राहकों ने खरीदारी की मात्रा कम कर दी है। वहीं, थोक कारोबारियों का कहना है कि कीमत बढ़ने का सीधा असर उनकी बिक्री पर पड़ा है और कारोबार में गिरावट देखने को मिल रही है।
कम आवक ने बढ़ाए प्याज के भाव
व्यापारियों के मुताबिक, बाजार में प्याज की आवक पहले की तुलना में कम हुई है। सप्लाई घटने के कारण कीमतों में तेजी आई है। महंगे प्याज का असर अब ग्राहकों के खरीदारी व्यवहार में भी दिखाई दे रहा है। पहले जो परिवार ज्यादा मात्रा में प्याज खरीदकर ले जाते थे, अब वे अपनी जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों का दावा है कि बिक्री में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक कमी आई है।
महंगाई से व्यापारी भी परेशान
थोक व्यापारी चंद्रकांत मालुसरे के मुताबिक, प्याज के दाम बढ़ने के साथ बाजार में आवक कम हुई है। महंगाई के चलते ग्राहकों ने खरीदारी घटा दी है, जिसका असर कारोबार पर पड़ रहा है। वहीं, नींबू के थोक कारोबारी मोहम्मद अकरम ने महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बाजार की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए सरकार को कारोबारियों के बीच आकर स्थिति देखनी चाहिए।
ग्राहकों ने कहा- घर का बजट संभालना मुश्किल
बढ़ती कीमतों से बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों में भी नाराजगी दिखाई दी। ग्राहकों का कहना है कि रोजमर्रा की सब्जियों के दाम बढ़ने से महीने का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। एक महिला ने महाराष्ट्र सरकार की लाडली बहन योजना को लेकर तंज कसते हुए कहा कि सरकार एक तरफ महिलाओं को आर्थिक सहायता देती है, लेकिन दूसरी ओर बढ़ती महंगाई आम परिवारों के खर्च को बढ़ा रही है।
Fake Cream Seized: त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, फैक्ट्री से 955 किलो नकली क्रीम बरामद
महंगा प्याज, छोटी होती खरीदारी
Onion Price Hike: प्याज भारतीय रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाली प्रमुख सब्जियों में शामिल है। ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने का असर सीधे परिवारों की रसोई पर पड़ता है। फिलहाल कम आवक और बढ़े हुए दामों के बीच ग्राहक सीमित मात्रा में प्याज खरीद रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि बाजार में आवक बढ़ने के बाद कीमतों में राहत मिल सकती है। अब नजर इस बात पर है कि प्याज के बढ़ते भाव कब तक आम आदमी की जेब पर दबाव बनाए रखते हैं।




