Raman Singh News: 26 करोड़ के रेल ओवरब्रिज में दरारें..विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने रेल मंत्री को पत्र लिख की कार्रवाई की मांग
रायपुर। Raman Singh News: राजनांदगांव जिले में हाल ही में बने रेल ओवरब्रिज में दरारें आने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Ramgopal Agarwal News: 8 दिनों की रिमांड में भेजे गए रामगोपाल अग्रवाल, EOW करेगी पूछताछ
डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन के नागपुर मंडल अंतर्गत डोंगरगढ़-राजनांदगांव रेलखंड पर बरगा, आलीवारा और मुसरा के पास प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से रेल ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। इस पुल का लोकार्पण जून 2026 में किया गया था।
गुणवत्ता पर गंभीर सवाल
उन्होंने कहा कि 4 और 5 जुलाई को हुई तेज बारिश के बाद पुल में करीब 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। निर्माण के कुछ ही समय बाद इस तरह की स्थिति सामने आना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि पूरे मामले की विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराई जाए और निर्माण एजेंसी, ठेकेदार, परामर्शदाता तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
Raman Singh News: इसके साथ ही उन्होंने ओवरब्रिज का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में किसी संभावित हादसे से बचा जा सके और लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भी पुल में आई दरारों को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।





