घर का लाल बना चोर, बेटा ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, खरीदार भी गिरफ्तार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के आजाद चौक इलाके में हुई घर पर चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस बेटे ने स्कूल से लौटकर मां को घर में चोरी की खबर दी, वही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मामले का पर्दाफाश करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले प्रतीक दम्मानी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि, घटना 29 जनवरी की है, जब शिवनगर हांडीपारा स्थित मकान का ताला तोड़कर आलमारी और पेटी से सोने-चांदी के जेवर, नगदी और मोबाइल पार कर दिए गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान प्रार्थिया का पुत्र बार-बार बयान बदलता रहा।
Raipur News: वहीं सख्ती से पूछने पर उसने खुद ही चोरी करना और जेवर प्रतीक दम्मानी को बेचना कबूल लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए की पूरी मशरूका बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




