
मधेपुरा : उदाकिशुनगंज में स्वास्थ्य सेवा के नाम पर डर का माहौल बन गया है। स्थानीय लाडो हेल्थ केयर सेंटर की महिला चिकित्सक पूनम देवी ने एक अपराधी गिरोह पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने और पति की हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने बिहारीगंज थाना क्षेत्र के गोरपार गांव निवासी दुर्गानंद उर्फ़ दुर्गा यादव सहित सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
डॉ. पूनम के अनुसार, 5 दिसंबर की शाम लगभग 5 बजे दुर्गा यादव अपने साथियों के साथ अवैध देशी हथियार लेकर क्लिनिक पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। देर रात लगभग 10:15 बजे गिरोह ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर फिर धमकी दी। डॉक्टर ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और धमकी वाला वीडियो पेन ड्राइव में सौंपा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है और कई मामलों में वांछित रहा है। डॉक्टर ने आशंका जताई है कि किसी भी समय उसकी या उसके पति की हत्या की कोशिश हो सकती है।
थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।




