Bharatpur News: ट्रेन में सीट को लेकर खूनी संघर्ष, पत्थर से सिर कुचलकर यात्री की हत्या, मौके पर मची अफरा-तफरी
भरतपुर। Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर जिले में ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की हत्या तक पहुंच गया। अवध एक्सप्रेस में सफर कर रहे दो यात्रियों के बीच कहासुनी के बाद बंशी पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक यात्री ने दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई।
कोटा जीआरपी के पुलिस उपाधीक्षक शकील अहमद के अनुसार, मृतक की पहचान 34 वर्षीय संतोष, निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। संतोष गुजरात के सूरत में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था और छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहा था। उसे उसके साले ने सूरत से अवध एक्सप्रेस में बैठाया था। उसे लखनऊ पहुंचने के बाद हरदोई जाना था।
यात्रा के दौरान जनरल कोच में सीट को लेकर संतोष की झांसी निवासी अशोक से बहस हो गई। पहले तो यात्रियों ने दोनों को शांत कराया, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। गुरुवार देर रात जब ट्रेन बंशी पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो दोनों के बीच प्लेटफॉर्म पर फिर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से संतोष के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Bharatpur News: घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बयाना अस्पताल की मॉर्च्युरी भेज दिया। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद आरोपी अशोक को हिरासत में ले लिया। हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



