बिलासपुर में बड़ा हादसा, यात्री बस पर भरभरा कर गिरा पहाड़ का हिस्सा, 15 से ज्यादा लोगों की मौत
बिलासपुर। Himachal Bus Accident: हिमाचल के बिलासपुर में बीते मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दर्जनों लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई लोग घायल हो गए। बताया गया कि, यह दुर्घटना झंडूता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में हुई। वहीं इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे और यह मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। इस क्षेत्र में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे कृष्णा ट्रांसपोर्ट की बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। इस दौरान
अचानक पहाड़ से गिरे भारी पत्थरों और मलबे ने बस की छत उखाड़ दी, जिससे बस खड्ड के किनारे जा गिरी। हादसे के बाद बस में बैठी सवारियों पर सारा मलबा आ गिरा, और मौके पर चीख-पुकार मच गया। जिसके बाद अन्य वाहन चालकों ने इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को मलबे से बाहर निकाला गया। पहले दो बच्चों आरुषि (10) और शौर्य (8) को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन बच्चों की मां और दो चचेरे भाई और उनकी मां की माैत हो गई है। बताया गया कि, बस में सवार ज्यादातर लोग स्थानीय थे। देर रात तक मलबे और चट्टानों को जेसीबी से हटाने का काम जारी था।
पीएम मोदी समेत इन लोगों ने जताया दुख
बताया गया कि, इस हादसे में अब तक 15 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 3 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है. जानकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वहीं इस हादसे को लेकर पीएम मोदी , राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सीएम योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई नेताओं ने ट्वीट के जरिए शोक व्यक्त किया।
हादसे को लेकर पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ”
Himachal Bus Accident: वहीं सीएम विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर कहा कि, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुखद घटना से शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोक-संतप्त परिवारों को इस विकट परिस्थिति में धैर्य और संबल दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। ॐ शांति।




