बीजापुर के करेगुट्टा में सुरक्षाबलों का बड़ा एंटी-नक्सल ऑपरेशन, 22 नक्सलियों के मारे जाने की खबर

बीजापुर : जिले के सरेगुट्टा की पहाड़ियों में चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिलने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, इस ऑपरेशन में अब तक 22 नक्सलियों को मार गिराया गया है, हालांकि इस पर अधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। पुलिस जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी कर सकती है।
इससे पहले भी इसी इलाके में हुए ऑपरेशन में 4 नक्सली ढेर किए गए थे। माना जा रहा है कि इस ताजा मुठभेड़ में कई सीनियर नक्सली या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के कई बंकर और ठिकानों को ध्वस्त भी किया गया है।
5000 फीट ऊंचाई पर जवानों की तैनाती, 200 से ज्यादा IED बरामद
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने करेगुट्टा इलाके में सघन सर्चिंग के दौरान 200 से ज्यादा आईईडी बरामद किए हैं। इलाके की रणनीतिक स्थिति को देखते हुए, जवानों ने करीब 5000 फीट ऊंची पहाड़ी पर मोर्चा संभाल लिया है।
सूत्रों का कहना है कि यदि नक्सली तेलंगाना बॉर्डर से छत्तीसगढ़ में घुसपैठ की कोशिश करते हैं, तो उन्हें सीधे जवानों से टकराना पड़ेगा। सुरक्षा बल पूरी तैयारी के साथ क्षेत्र में तैनात हैं।
यह ऑपरेशन बस्तर और आस-पास के इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में अब तक की एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।




