राजधानी में फिर चाकूबाजी, शराब के पैसे नहीं देने पर मां-बेटे पर हमला, युवक को आई गंभीर चोट
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Crime: राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खमतराई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने शराब पीने के लिए पैसे न देने पर मां-बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, नाबालिग आरोपी घर के बाहर बैठे महेश यादव और उनकी मां के पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर महेश यादव पर हमला कर दिया।
आरोपी के हमले से महेश के सीने, पेट और हाथ पर गंभीर चोट आई है। वहीं अपने बेटे को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
Raipur Crime: बताया गया कि, इस वारदात के बाद नाबालिग आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। यह घटना न केवल इलाके में दहशत फैलाने वाली है बल्कि नाबालिग अपराधियों की बढ़ती संख्या पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




