Cm Visit News :मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ और जशपुर दौरे पर,कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में होंगे शामिल
प्रविंस मनहर/रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ और जशपुर जिले के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे मुख्यमंत्री निवास,रायपुर से रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड स्थित मुड़ियापानी पहुंचेंगे। यहां वे शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे तथा महतारी सदन का भ्रमण करेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से भी मुलाकात करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत डोंडकी पहुंचेंगे,जहां वे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री जनजातीय समाज से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रनपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात वे जशपुर स्थित अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचेंगे,जहां रात्रि विश्राम करेंगे।




