Marine Drive Viral Video: मरीन ड्राइव में तैनात महिला सुरक्षा गार्ड से बदसलूकी, नो-एंट्री रोकने पर युवक का हंगामा, देखें वीडियो
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Marine Drive Viral Video: राजधानी रायपुर के सबसे लोकप्रिय स्थलों में शामिल तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जा रही है। देर रात असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने रात 11 बजे के बाद आम लोगों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। यह फैसला इसलिए लिया गया था क्योंकि पहले देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता था, कपल्स और अन्य लोगों के बीच विवाद की स्थिति बनती थी, वहीं आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह समय सीमा तय की गई है। इसी बीच शनिवार देर रात 11:30 बजे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवक प्रतिबंधित समय के बाद मरीन ड्राइव में प्रवेश करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आरोप है कि युवकों ने ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड से बदसलूकी की, उनके साथ बहस की और विवाद के दौरान एक युवक महिला गार्ड के हाथ से मोबाइल छीनते हुए भी नजर आया।
Marine Drive Viral Video: घटना की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस ने सुरक्षा में तैनात सभी गार्डों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि भविष्य में इस तरह की कोई स्थिति बनती है तो तत्काल घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को भेजें, ताकि आरोपियों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।




