
रायपुर : राज्य के सबसे बड़े सरकारी अंबेडकर अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार जूनियर डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि सड़क हादसे में घायल एक अज्ञात युवक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे अशोक नगर निवासी दो युवकों, कैलाश शर्मा और पुरुषोत्तम शर्मा के साथ डॉक्टरों ने बेरहमी से मारपीट की।
घटना मोहदापारा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक घायल को समय पर इलाज दिलाने की मंशा से अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इलाज के बाद जब उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से घर जाने की अनुमति पूछी, तो डॉक्टर ने कथित रूप से गुस्से में युवक का गला दबा दिया और फिर कई अन्य डॉक्टरों ने मिलकर दोनों की पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर किसी मरीज का इलाज करने के बजाय एक महिला डॉक्टर से बातचीत में व्यस्त था। जब युवकों ने उनसे संपर्क किया, तो विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुँच गया।
मारपीट की यह घटना CCTV में कैद हुई है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने पूरी फुटेज जारी करने के बजाय केवल धक्का-मुक्की वाला हिस्सा सार्वजनिक किया है। इससे अस्पताल की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।
उधर, जूनियर डॉक्टरों ने भी पुलिस में घटना को लेकर लिखित शिकायत दी है। वहीं, पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार जूनियर डॉक्टरों द्वारा मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार और बाउंसरों से पिटवाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल मोहदापारा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पीड़ित पक्ष ने दोषी डॉक्टरों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




