KTU University: कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विद्यार्थी, कुलपति ने दिया निष्पक्ष पत्रकारिता का मंत्र
रायपुर। KTU University: कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न मीडिया एवं अकादमिक सुविधाओं का अवलोकन किया और पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों एवं शिक्षकों से संवाद किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2’, टीवी स्टूडियो, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और निर्माणाधीन एआई एवं मीडिया शोध लैब का निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय की आधुनिक सुविधाओं और मीडिया शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं को देखकर विद्यार्थी काफी प्रभावित नजर आए।

कुलपति से विद्यार्थियों ने किया संवाद
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल से मुलाकात कर पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में करियर, अध्ययन और शोध से जुड़े विषयों पर चर्चा की। कुलपति ने विद्यार्थियों को मीडिया के विभिन्न माध्यमों को समझने और उनके कंटेंट का तुलनात्मक अध्ययन करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र, पत्रिकाएं, रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया का अध्ययन करना चाहिए। शोध की दिशा में आगे बढ़ने से पहले विभिन्न मीडिया माध्यमों का प्रत्यक्ष अवलोकन और उनके कंटेंट का तुलनात्मक विश्लेषण विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी हो सकता है।
‘सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता को दें प्राथमिकता’
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए विद्यार्थियों को सकारात्मक, रचनात्मक और प्रेरणादायक लेखन को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को अपनाते हुए अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

विश्वविद्यालय की गतिविधियों से भी हुए रूबरू
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल, विभिन्न विभागाध्यक्षों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से भी मुलाकात की। अकादमिक भवन में विद्यार्थियों ने जनसंचार, पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न सृजनात्मक क्लबों, शोध पीठों और समूहों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और इन गतिविधियों को अपने अध्ययन के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

कम्युनिटी रेडियो में रिकॉर्ड किया संदेश
महर्षि वाल्मीकि महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2’ का भी भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने रेडियो के कामकाज को समझने के साथ अपना संदेश भी रिकॉर्ड किया।
KTU University: इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ मीडिया संस्थानों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा। विश्वविद्यालय परिसर के भ्रमण से विद्यार्थियों को पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं और तकनीकी बदलावों को करीब से समझने का अवसर मिला।



