Advertisement
ट्रेंडिंग-न्यूज़बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्यप्रदेशहादसा

Dhar Accident: कार चालक की खौफनाक हरकत, पिता-पुत्र को मारी टक्कर, फिर बोनट पर लटकाकर 4 किमी दौड़ाई कार

धार। Dhar Accident:  मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खौफनाक घटना में बदल गया। सुतार मोहल्ला इलाके में एक कार चालक पर बुजुर्ग और उनके बेटे को टक्कर मारने के बाद कार के बोनट पर करीब चार किलोमीटर तक घसीटने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया और लोनी फाटा के पास वाहन रुकवाकर दोनों की जान बचाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Droupadi Murmu Visit Bastar: माँ दंतेश्वरी के दरबार पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पूजा-अर्चना कर की देश में सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना

क्या था पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी बाबूलाल निवासी सिर्वी मोहल्ला खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना 21 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे की बताई गई है। बाबूलाल पैदल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 2 की मुख्य सड़क पर सुतार मोहल्ला के पास कॉलोनी की तरफ से आ रही कार क्रमांक MP13-ZL-8063 ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद बाबूलाल ने चालक को वाहन सावधानी से चलाने की बात कही। इस पर चालक नाराज हो गया और कार से उतरकर उनके साथ मारपीट करने लगा।

बेटे ने फोटो खींचने की कोशिश की तो बढ़ा मामला

इसी बीच बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया। बताया गया है कि भारत ने कार चालक की हरकत का फोटो लेने की कोशिश की। आरोप है कि इससे गुस्साए चालक ने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी, जिससे पिता और पुत्र दोनों बोनट पर जा गिरे। इसके बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और दोनों को बोनट पर लटकाए हुए करीब चार किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। पीड़ितों के चिल्लाने और वाहन रोकने की गुहार लगाने के बावजूद चालक के कार नहीं रोकने का आरोप है।

स्थानीय लोगों ने पीछा कर रुकवाई कार

घटना के दौरान बाबूलाल के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र पिता ओंकारजी काग, जयदीप गुंजाल और अन्य लोग कार के पीछे पहुंचे। इन लोगों ने लोनी फाटा के पास वाहन को रुकवाया और पिता-पुत्र को बचाया। इस घटना में बाबूलाल के दाहिने हाथ की उंगलियों और पंजे, दाहिने पैर के घुटने तथा पसलियों में चोटें आने की जानकारी सामने आई है। वहीं, उनके बेटे भारत की दाहिनी कलाई, पहली उंगली और बाएं घुटने में चोटें आई हैं।

Sharad Purnima 2026: 25 या 26 अक्टूबर, कब मनाई जाएगी शरद पूर्णिमा? जानें पूजा का महत्व और खीर रखने की परंपरा

पुलिस ने दर्ज किया मामला

Dhar Accident:  घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। घटना ने इलाके में वाहन चलाने के दौरान लापरवाही और सड़क पर विवाद के हिंसक रूप लेने को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close