छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में संगठन चुनाव की तारीखें घोषित,29 मई से नामांकन शुरू

प्रविंस मनहर/रायपुर – छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव का बिगुल बज गया है। राजधानी रायपुर स्थित भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव प्रक्रिया और सदस्यता नियमों की जानकारी दी।
युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के तहत ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से 13 जून तक चलेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और समय पर पूरा कराने के लिए प्रदेश को 5 जोन में बांटा जाएगा, जहां अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी। युवा कांग्रेस ने सदस्यता और चुनाव लड़ने के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा तय की है। फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है।आवेदन करने वाले युवाओं को ऑनलाइन फॉर्म के साथ 8 सेकेंड का वीडियो भी अपलोड करना होगा, जिसमें आवेदक को अपनी जानकारी देनी होगी। वहीं आयु प्रमाण के लिए 10वीं की मार्कशीट,ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य वैध आईडी प्रूफ जरूरी होंगे।




