
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब दे रहे हैं। एनडीए सरकार के खिलाफ लोकसभा में आज तीसरे दिन विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। विपक्ष ने 26 जुलाई को मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वीकार कर लिया था।
इस दौरान पीएम मोदी ने मणिपुर पर कहा कि राज्य और केंद्र दोनों सरकारें यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आने वाले समय में मणिपुर में शांति बहाल हो जाएगी। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि मणिपुर की महिलाओं और बेटियों के साथ पूरा देश है।
पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर पर चर्चा के लिए हम तैयार हैं। हमने पहले ही दिन चर्चा करने के लिए कहा था, लेकिन विपक्ष का इरादा चर्चा करने का नहीं था। विपक्ष चर्चा से हमेशा भागता रहा।




