Bilaspur News: कारोबारी के सूने मकान में चोरी, एसी हटाकर घर में घुसे बदमाश, लाखों के जेवर-नकदी पार
बिलासपुर। Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तीर्थ यात्रा पर गए एक कारोबारी के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश कर सोने के आभूषण, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर की दीवार में लगी विंडो एसी को निकालकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखी चाबी का इस्तेमाल कर अलमारी खोली और उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर करीब 15 से 20 तोला सोने के आभूषण, 2 से 2.5 लाख रुपये नकद तथा महंगे स्टोन अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड ने घर की दीवार से एसी हटे होने की जानकारी मकान मालिक को दी। उस समय कारोबारी तीर्थ यात्रा पर थे। सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपने बेटे और रिश्तेदार को घर भेजा तथा वीडियो कॉल के जरिए पूरे घर का जायजा लिया। इसी दौरान चोरी की वारदात का पता चला।
Bilaspur News: सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




