Korba News: न छाया, न बैठने की सुविधा… मुक्तिधाम में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, पार्षदों ने नगर पालिका से की व्यवस्था की मांग
कोरबा। Korba News: नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा के घुरदेवा वार्ड क्रमांक 16 और 17 के बीच स्थित मुक्तिधाम में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने चिंता जताई है। अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को यहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुक्तिधाम में न तो छाया के लिए शेड की व्यवस्था है और न ही बैठने की समुचित सुविधा उपलब्ध है। गर्मी, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परिस्थितियों में अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को खुले आसमान के नीचे समय बिताना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा होती है।
कई बार दिया जा चुका है आवेदन
क्षेत्र के पार्षद रूबी गुप्ता और ओम प्रकाश केवर्त ने इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर मुक्तिधाम में आवश्यक निर्माण और सुविधाओं की मांग की थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
क्षेत्रवासियों की बढ़ी उम्मीदें
पूर्व पार्षद पवन गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका परिषद के गठन के बाद क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। लोगों को उम्मीद है कि नगर पालिका प्रशासन जनहित से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता देगा और मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाओं का जल्द विकास कराया जाएगा।
जल्द समाधान की मांग
Korba News: स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुक्तिधाम में शेड, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुक्तिधाम जैसी संवेदनशील और सार्वजनिक उपयोग की जगह पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।





