
शेखपुरा : जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। आईफोन दिलाने से इनकार पर 20 वर्षीय युवक शिवम कुमार ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। इलाज के दौरान पावापूरी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रणजीत सिंह के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में घटना के बाद मातम पसरा है। बुजुर्ग दादा-दादी से लेकर मां-बाप और भाई-बहन तक का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर किया था इनकार
जानकारी के मुताबिक शनिवार को शिवम ने पिता से फ्लिपकार्ट ऑफर का हवाला देकर आईफोन खरीदने की जिद की। पिता ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर इनकार कर दिया। इसी से नाराज होकर वह बरबीघा बाजार गया और जहर की दो पुड़िया खरीद लाया। घर पहुंचकर उसने किचन में जहर खा लिया और अपने एक मित्र को वीडियो कॉल कर इसकी जानकारी भी दी।
परिवार ने उसे तुरंत बरबीघा के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर पावापूरी हायर सेंटर रेफर किया गया। दो दिनों तक इलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य दिख रही थी। लेकिन मंगलवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार की दयनीय स्थिति
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के दादा रिटायर्ड शिक्षक हैं और पिता हाल ही में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनके इलाज में पहले ही काफी पैसा खर्च हो चुका था। आर्थिक परेशानी के कारण पिता ने आईफोन दिलाने से मना किया था। किसी ने नहीं सोचा था कि यह मना करना बेटे की जिंदगी छीन लेगा।




