Monsoon Update: धीमी हुई मानसून की रफ्तार, देरी से फिर बढ़ी गर्मी, जानें कब होगी झमाझम बारिश
नई दिल्ली। Monsoon Update: देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। जहां एक ओर कई राज्यों में मानसून सक्रिय होकर अच्छी बारिश करा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों के लोग अब भी मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसके फिर से सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा इस समय महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी है। हालांकि वातावरण में बने विभिन्न मौसमी सिस्टमों के कारण मानसून की आगे बढ़ने की गति प्रभावित हुई है। पंजाब से बिहार तक फैली ट्रफ लाइन, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मानसून फिलहाल कुछ क्षेत्रों में ठहरा हुआ है।
23 जून तक कई राज्यों में मानसून की दस्तक संभव
IMD का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में मौसम की परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके चलते तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में 23 जून के आसपास मानसून पहुंचने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और यहां कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।
मानसून की देरी से बढ़ी गर्मी
जिन राज्यों में मानसून अब तक नहीं पहुंचा है, वहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 21 जून तक, विदर्भ में 20 जून तक, तेलंगाना में 19 जून तक और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू जैसी परिस्थितियां बने रहने की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून में देरी से लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून की एंट्री अभी बाकी है, लेकिन मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। अगले कुछ दिनों तक राजधानी में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 20 जून को कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में लू और हल्की बारिश का दौर
Monsoon Update: उत्तर प्रदेश में भी मानसून का इंतजार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि इसके साथ ही कई जिलों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। पूर्वी यूपी में 22 जून तक और पश्चिमी यूपी में 19 से 22 जून के बीच गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।




