
रायपुर: छत्तीसगढ़ बीजेपी की एक बड़ी बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 31 अगस्त को होने जा रही है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन समेत तमाम दिग्गज पार्टी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों की क्लास लेंगे। इस बैठक में नए पदाधिकारियों को राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के नेताओं का भी मार्गदर्शन मिलेगा।
किरण सिंहदेव की टीम बनने के बाद आयोजित इस पहली बैठक में सभी प्रदेश के सभी 476 मंडलों और 36 जिला अध्यक्षों के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी,सभी मोर्चा के अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के संयोजकों को बुलाया गया है। यदि सीएम विष्णुदेव साय विदेश प्रवास से लौट आते हैं तो वे भी बैठक में शामिल रहेंगे। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
नई टीम के गठन के बाद पहली बड़ी बैठक
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष किरण सिंहदेव के नेतृत्व में संगठन की नई कार्यकारिणी बनने के बाद आयोजित प्रदेश संगठन की यह बड़ी बैठक होने जा रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन सभी नए पदाधिकारियों की क्लास लेकर उनको बताएंगे कि किस तरह से संगठन का काम करना है। नए पदाधिकारियों को क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के साथ ही भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और डिप्टी सीएम अरुण साव के साथ ही अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी मार्गदर्शन मिलेगा।
बैठक में तय होगी आगमी रणनीति
बीजेपी की प्रदेश स्तरीय बैठक में पार्टी नई टीम के साथ पार्टी के नए कार्यक्रम और आगामी गतिविधियों को अंतिम रूप देगी। बैठक में केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसके साथ ही संगठन की पैठ विभिन्न वर्गों के बीच बढ़ाने और पार्टी की रीति नीतियों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने को लेकर भी चर्चा होगी।




