Gold-Silver Price Crash: सोने-चांदी के दाम में आई भारी गिरावट, यहां देखें कितना हुआ सस्ता
नई दिल्ली। Gold-Silver Price Crash: सप्ताह की शुरुआत में रिकॉर्ड तेजी दिखाने के बाद मंगलवार को सर्राफा बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। लगातार बढ़ोतरी के बाद आई इस नरमी को बाजार विशेषज्ञ मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों का असर मान रहे हैं।
घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोना करीब 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रही। वहीं 18 कैरेट सोने के दाम में भी पिछले कारोबारी सत्र की तुलना में कमी दर्ज की गई। वहीं चांदी की बात करें तो इसकी कीमत भी ऊंचे स्तर से नीचे फिसल गई। एक किलोग्राम चांदी का भाव करीब 2.28 लाख रुपये पर पहुंच गया, जिससे हालिया तेजी पर कुछ विराम लगा है।
वहीं, एमसीएक्स पर भी सोने और चांदी के वायदा कारोबार में दबाव देखने को मिला। गोल्ड फ्यूचर्स हाल के उच्च स्तर से फिसलकर 1.47 से 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार करता दिखा, जबकि सिल्वर फ्यूचर्स भी करीब 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कमजोर रुख के साथ ट्रेड करता रहा।
जानकारों का कहना है कि हाल के दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में तेज उछाल के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की है, जिसके चलते बाजार में करेक्शन देखने को मिल रहा है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों ने भी घरेलू कीमतों पर असर डाला है। वैश्विक बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार में कमजोरी का असर भारतीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है।
Gold-Silver Price Crash:बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा काफी हद तक वैश्विक आर्थिक संकेतों, अमेरिकी केंद्रीय बैंक की नीतियों और निवेशकों की खरीदारी पर निर्भर करेगी। ऐसे में निवेशकों को बाजार की चाल पर नजर रखते हुए सोच-समझकर निवेश करने की सलाह दी जा रही है।




