
गरियाबंद। गलती से रतनजोत बीज खा लेने के बाद अस्पताल में भर्ती बच्चों को देखने कलेक्टर दीपक अग्रवाल आज सुबह 5 बजे ही जिला अस्पताल पहुंचे। सभी 7 बच्चों की स्थिति सामान्य है। बीते शाम विकासखंड मैनपुर के ग्राम बड़े गोबरा में स्थित आदिवासी बालक आश्रम के बच्चों ने शाम का खाना खाने के पश्चात गलती से रतनजोत के बीज का सेवन कर लिया था। इससे बच्चों को उल्टी और पेट दर्द संबंधी स्वास्थ्य समस्या शुरू हो गई। तबियत बिगड़ते देख बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर में एडमिट किया गया। जहां इलाज के बाद सभी 7 बच्चो के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था।
कलेक्टर दीपक अग्रवाल को घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त होने पर उन्होंने तत्काल बच्चों के बेहतर इलाज करने के निर्देश चिकित्सकों को दिए। जिसके बाद बीएमओ मैनपुर द्वारा सभी 7 बच्चों को बच्चो के डॉक्टर के देख रेख में इलाज हेतु 16 जनवरी को रात्रि में ही जिला अस्पताल गरियाबंद रिफर किया गया। जहां जिला अस्पताल सिविल सर्जन के नेतृत्व में बच्चो का इलाज तत्काल शुरू किया गया। जहां बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य हो गई।
कलेक्टर ने सुबह पांच बजे बच्चों का हाल चाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचते ही बच्चों के स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को बच्चों के बेहतर ध्यान रखने और इलाज करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बच्चों से भी बात की। कलेक्टर ने अस्पताल में मौजूद बच्चों के परिजनों से भी बातचीत कर बच्चों के इलाज के बारे में चिंता नही करने का साहस बंधाया। इस दौरान चिकित्सकों ने बताया कि सभी 7 बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है, सभी एकदम सामान्य है। सिविल सर्जन ने बताया कि बेहतर और पूर्ण स्वास्थ्य निगरानी के लिए अगले 24 घंटे सभी 7 बच्चे जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देख रेख़ में ही रहेंगे।




